नाकेबंदी के दौरान प्रशासन की सख्ती, पेट्रोल पंप पर खत्म हुआ ट्रक का डीजल बना चर्चा का विषय
महासमुंद। जिले में धान तस्करी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन द्वारा की गई सख्त नाकेबंदी का असर बीती रात देखने को मिला। ओडिशा सीमा से सटे इलाकों में लगातार ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी के चलते तस्करों को लगातार झटका लग रहा है।
इसी कड़ी में टेमरी नाका पर नाका कर्मचारियों ने 540 कट्टा धान से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। वहीं दूसरी ओर खेमड़ा क्षेत्र में धान तस्करी कर रहे तस्कर जैसे ही प्रशासनिक टीम को देखते हैं, धान से भरी ट्राली मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन लेकर फरार हो गए। प्रशासन ने दोनों ही मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया है।
डिप्टी कलेक्टर ने दी जानकारी
महासमुंद के डिप्टी कलेक्टर शुभम देव ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों और धान को कृषि उपज मंडी बागबाहरा के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंप पर खत्म हुआ डीजल, डेढ़ घंटे तक फंसा रहा ट्रक
इस पूरी कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। टेमरी नाका कर्मचारियों ने जब ट्रक को पकड़कर इसकी सूचना एसडीएम को दी, तो ट्रक को कोमाखान थाना ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पटपरपाली पेट्रोल पंप के पास ट्रक का डीजल खत्म हो गया, जिससे ट्रक वहीं खड़ा रह गया। मजबूरी में ट्रक चालक ने हाथ खड़े कर दिए। नाके पर तैनात नगर सैनिक ने तत्काल इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। करीब डेढ़ घंटे बाद मंडी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अपने पैसे से 20 लीटर डीजल डलवाकर ट्रक को बागबाहरा मंडी तक पहुंचाया गया।
यहां देखें वीडियो
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि ओडिशा सीमा से हो रही धान तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में नाकेबंदी और सख्त की जाएगी।






