कोमाखान। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को एक नई ऊंचाई तब मिली जब ग्राम ब्राह्मणडीह की 90 वर्षीय समाजसेवी मां रामप्यारी शर्मा ने अपने जन्मदिन पर शमी पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया ने घोषणा की कि वे मां रामप्यारी के 90वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 90 पौधे लगाएंगे, जिनकी देखभाल उनके परिवारजन करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां पाटमेस्वरी मंदिर परिसर में पौधारोपण के साथ हुई। इस अवसर पर ग्रीन केयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही, वरिष्ठ सदस्य विष्णु महानंद, तथा संस्था के डायरेक्टर अमुजूरी विश्वनाथ ने फोन पर शुभकामनाएं दीं और इस पुनीत कार्य को सराहा।
डॉ. पाणिग्राही ने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के अंतर्गत देशभर में लोगों को जन्मदिन, विवाह, पर्व और स्मृति के अवसर पर पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी वर्ष 2025 में इस कार्यक्रम को महिला सम्मान, सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन दिया गया है।

इस आयोजन के दौरान एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई जिसमें मां रामप्यारी के जीवन और योगदान को दर्शाया गया। इसके साथ ही “एक पत्र मां के नाम” शीर्षक से एक भावनात्मक ब्रोशर का वाचन विजय शर्मा द्वारा किया गया।
ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पं. शिव उपाध्याय ने मां रामप्यारी को चार पीढ़ियों का मार्गदर्शन करने वाली प्रेरणा बताते हुए उनका सम्मान किया। साथ ही पं. उमाशंकर शर्मा, पं. दिलीप त्रिपाठी, पं. विक्रांत शर्मा, और साहित्यकार माधव तिवारी ने उनके समाजसेवा और परिवार प्रबंधन की प्रशंसा की।

इस प्रेरक अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ पत्रकार नीरज गजेंद्र, डॉ. पी.के. झा, दानवीर शर्मा, रामशरण शर्मा, और क्षेत्र के अन्य सामाजिक कार्यकर्ता व परिजन सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का कुशल संचालन अरुण शुक्ला ने किया।