रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के “धीरेंद्र शास्त्री के जन्म से पहले हनुमान चालीसा पढ़ते आ रहे हैं” वाले बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल हनुमान चालीसा पढ़ते होंगे, लेकिन वे खड़े कुंभकरण और रावण के साथ हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हनुमान चालीसा का प्रभाव उनके आचरण और वाणी में कहीं दिखाई नहीं देता। उनकी भाषा और बयान ही यह बताते हैं कि उनके संस्कार किस दिशा में हैं।
“नाम नहीं, प्रारूप और नियमों पर होनी चाहिए चर्चा”
कांग्रेस द्वारा VB-G रामजी (मनरेगा) नाम को लेकर किए जा रहे विरोध पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि विवाद नाम को लेकर नहीं, बल्कि उसके प्रारूप और नियमों को लेकर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नए कानून के नए स्वरूप पर चर्चा जरूरी है। राजीव गांधी और इंदिरा गांधी का नाम हमने नहीं हटाया, वे कांग्रेस के लिए पूजनीय हो सकते हैं। वहीं महात्मा गांधी पूरी दुनिया के लिए वर्ल्ड आइकॉन हैं।
यहां पढ़ें: भूपेश बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया ढोंगी, शास्त्रार्थ की दी चुनौती
राहुल गांधी के संभावित दौरे पर हमला
राहुल गांधी के संभावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले आत्मचिंतन करना चाहिए कि पांच साल में कांग्रेस चुनाव क्यों हारी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई प्रशिक्षण विजन नहीं है और ग्रामीण कार्यकर्ताओं को परेशान करने से बचना चाहिए। आत्मचिंतन के लिए विदेश जाने के अवसर उनके पास पहले से हैं। फिलहाल छत्तीसगढ़ के हालात अच्छे हैं।
कांग्रेस की दिल्ली बैठक पर तंज
दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक पर तंज कसते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस आज तक ब्लॉक अध्यक्ष तक नियुक्त नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं का दिल्ली जाना यह तय करता है कि नियुक्तियां हुजूर-ए-आला से पूछकर होंगी। तंज कसते हुए बोले कि इन्हें बैठक करने की जरूरत नहीं है, ईमेल से ही नाम मंगवा लेते।
विनोद तिवारी की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता विनोद तिवारी की गिरफ्तारी को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि वे न्यायालय के आदेश से जेल गए हैं, न कि भाजपा के कहने से। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इस मुद्दे पर आरोप लगाना केवल बयानबाजी की औपचारिकता है। कानून अपना काम कर रहा है और इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।




















