नए साल की पूर्व संध्या पर BSNL ब्रॉडबैंड ठप, नए उपकरण की खराबी से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान

गांव में BSNL Bharat Fibre ठप

बागबाहरा। नए वर्ष 2026 की शुरुआत से ठीक पहले बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में BSNL Bharat Fibre ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। 31 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे से बंद इंटरनेट सेवा समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी, जिससे सैकड़ों उपभोक्ता गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं

इस संबंध में बागबाहरा BSNL SDO श्री साहू से संपर्क होने पर उन्होंने बताया कि नेटवर्क में नया उपकरण (नया एक्रुमेंट) लगाया जा रहा है, लेकिन वह तकनीकी कारणों से सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। इसी वजह से पूरे क्षेत्र की ब्रॉडबैंड सेवा बाधित है।

SDO के अनुसार,

“नया उपकरण लगाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन फिलहाल वह सही तरह से कार्य नहीं कर रहा है। कोशिश है कि 1 जनवरी की सुबह से पहले इंटरनेट सेवा बहाल कर दी जाए।”

नए साल के मौके पर इंटरनेट बंद रहने को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने माना कि यह स्थिति उपभोक्ताओं के लिए बेहद असुविधाजनक है, और विभाग की ओर से सेवा बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गांव में BSNL Bharat Fibre ठप, साल के आखिरी दिन 6 घंटे से इंटरनेट बंद, उपभोक्ता परेशान

बताया जा रहा है कि कोमाखान तहसील के अंतर्गत गांवों में सैकड़ों BSNL ब्रॉडबैंड उपभोक्ता हैं, जिनका इंटरनेट पूरी तरह से बंद है। डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन कार्य, सरकारी सेवाएं, छात्रों की पढ़ाई और नए साल के संदेशों का आदान-प्रदान तक प्रभावित हो गया है।

ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि BSNL की सेवा पहले भी कई बार 24 से 48 घंटे तक बाधित रही है, लेकिन नए साल जैसे महत्वपूर्ण समय पर ब्रॉडबैंड बंद होना विभागीय तैयारियों पर सवाल खड़े करता है

उपभोक्ताओं ने मांग की है कि

  • नेटवर्क अपग्रेड से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

  • लंबी कटौती की स्थिति में पूर्व सूचना दी जाए

  • ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी स्टाफ की तैनाती और निगरानी बढ़ाई जाए

नए साल की शुरुआत इंटरनेट के बिना होना ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए निराशाजनक साबित हो रहा है।

ये भी पढ़ें...

[wpr-template id="218"]