रायपुर। रायपुर का मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक गवाह बना। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बावजूद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर कहर बरपाया। भारत ने 209 रन का लक्ष्य रिकॉर्ड समय में हासिल कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
भारत बना सबसे तेज 200+ रन चेज करने वाली टीम
टीम इंडिया अब टी20I में 200 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते जीत दर्ज करने वाला फुल मेंबर देश बन गया है। भारत ने इस मामले में पाकिस्तान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पाकिस्तान ने 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 गेंदें शेष रहते 205 रन का लक्ष्य हासिल किया था। ऑस्ट्रेलिया 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 गेंद शेष रहते जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।
200+ रन के लक्ष्य का सबसे ज्यादा सफल चेज
भारत अब टी20 इंटरनेशनल में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य सबसे ज्यादा बार सफलतापूर्वक पीछा करने वाली टीमों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
ऑस्ट्रेलिया – 7 बार
भारत – 6 बार
साउथ अफ्रीका – 5 बार
पाकिस्तान – 4 बार
इंग्लैंड – 3 बार
संयुक्त रूप से सबसे बड़ा टारगेट चेज
इस मुकाबले में भारत ने टी20I में संयुक्त रूप से सबसे बड़े लक्ष्य (209 रन) का सफल पीछा किया। भारत इससे पहले भी: 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ – 209 रन 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ – 208 रन 2009 में श्रीलंका (207), 2020 में न्यूजीलैंड (204) 2013 में ऑस्ट्रेलिया (202) रन के लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर चुका है।
ईशान–सूर्या के तूफान में उड़ा न्यूजीलैंड
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए। कप्तान मिचेल सेंटनर: 27 गेंदों में 47 रन रचिन रवींद्र: 44 रन भारत की ओर से: कुलदीप यादव – 2 विकेट हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे – 1-1 विकेट
खराब शुरुआत के बाद ऐतिहासिक पलटवार
209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 6 रन पर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के विकेट गंवा दिए। इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभालते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
ईशान किशन: 32 गेंदों में 76 रन (11 चौके, 4 छक्के)
सूर्यकुमार यादव: 37 गेंदों में नाबाद 82 रन
शिवम दुबे: 18 गेंदों में नाबाद 36 रन
ईशान के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर करारा प्रहार किया और टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई रायपुर की रात
ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न सिर्फ मैच जीता, बल्कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 200+ रन चेज कर रायपुर में नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।








