नई दिल्ली। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार को भिड़ने वाली हैं। मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने बड़ा बयान दिया है। भज्जी का कहना है कि भारत को पाकिस्तान से क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधर नहीं जाते, तब तक पाकिस्तान से न तो क्रिकेट खेला जाना चाहिए और न ही व्यापार होना चाहिए।
भज्जी ने कहा कि क्रिकेट के मैदान पर भिड़ंत से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में सुधार होना बेहद जरूरी है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली भिड़ंत
भारत और पाकिस्तान ‘ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor)’ के बाद पहली बार आमने-सामने होंगे। इस साल की शुरुआत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने यह ऑपरेशन शुरू किया था।
हरभजन ने मुंबई में सोसाइटी मैगजीन के एक कार्यक्रम में कहा,
“भारत और पाकिस्तान मैच हमेशा सुर्खियों में रहता है, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी ने कहा कि क्रिकेट और व्यापार नहीं होना चाहिए।”
सरकार के रुख का सम्मान
हरभजन सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने लीजेंड्स चैंपियनशिप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच भी नहीं खेला। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने साफ नीति बनाई थी कि पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय खेल संबंध नहीं रखे जाएंगे, जबकि बहुपक्षीय टूर्नामेंट में भाग लेना जारी रहेगा।
भज्जी ने कहा,
“मेरी व्यक्तिगत राय है कि जब तक रिश्ते बेहतर नहीं हो जाते, क्रिकेट और व्यापार भी नहीं होना चाहिए। लेकिन अगर सरकार कहती है कि मैच हो सकता है तो होना चाहिए।”







