महासमुंद। जिले के बेलसोंडा स्थित एक मारुति शोरूम में लाखों की नगदी चोरी का मामला सामने आया है। घटना नवंबर 2025 की बताई जा रही है, जबकि इसकी रिपोर्ट अब जाकर फरवरी 2026 में दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना महासमुंद में दर्ज FIR क्रमांक 0094/26 के अनुसार, स्पर्श ऑटोमोबाइल्स प्रा. लि. के H.R. मैनेजर रेजी बाबू ने शिकायत दर्ज कराई है कि 22-23 नवंबर 2025 की दरमियानी रात शोरूम के कैश काउंटर से 2,39,355 रुपए चोरी हो गए।
शिकायत में बताया गया है कि 22 नवंबर की शाम कैशियर द्वारा रकम काउंट कर काउंटर में रखी गई थी। अगले दिन सुबह जब ऑफिस खोला गया तो कैश ड्रॉअर खुला मिला और पूरी नगदी गायब थी।
घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरों का केबल भी निकला हुआ पाया गया, जिससे चोरी को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
CCTV फुटेज में घटना के समय शोरूम में कैशियर, एडवाइजर और स्पेयर इंचार्ज के आखिरी तक मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है, हालांकि अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
3 महीने बाद रिपोर्ट, जांच जारी
कंपनी द्वारा आंतरिक जांच के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका। इसके बाद कंपनी प्रबंधन के निर्देश पर 25 फरवरी 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(e) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच हेड कांस्टेबल स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर CCTV के केबल का निकला होना और मुख्य दरवाजा खुला मिलना कई संदेह पैदा कर रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।





















