मेथी मलई कोप्ता: घर पर बनाएं होटल जैसा स्वाद, जानिए आसान रेसिपी

घर पर बनी मेथी मलई कोप्ता सब्जी, ताज़ी मेथी और मलाई से तैयार लजीज भारतीय रेसिपी

दिलीप शर्मा.  अगर आप रोज़मर्रा की सब्ज़ियों से कुछ अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो मेथी मलई कोप्ता एक बेहतरीन विकल्प है। ताज़ी मेथी, आलू और मलाई से तैयार यह सब्ज़ी स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखती है। आइए जानते हैं इसकी आसान और घरेलू रेसिपी।

ताज़ी मेथी से तैयार होगी लजीज सब्जी

इस रेसिपी के लिए करीब 250 ग्राम ताज़ी मेथी ली जाती है। सबसे पहले मेथी को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लिया जाता है और उसका अतिरिक्त पानी निचोड़ दिया जाता है।

कोप्ता बनाने की सामग्री

कोप्ता तैयार करने के लिए चार उबले हुए आलू, एक कप बेसन, एक कप सूजी, पिसी मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया लिया जाता है। सभी सामग्रियों को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिला लिया जाता है। ध्यान रखें कि इसमें पानी डालने की आवश्यकता नहीं होती।

मिश्रण तैयार होने के बाद इसके छोटे-छोटे लड्डू बना लिए जाते हैं।

कोप्ता तलने की विधि

अब कढ़ाही में तेल गरम किया जाता है। तेल गरम होने पर लड्डुओं को धीरे-धीरे डालकर सुनहरे रंग तक तला जाता है। तलने के बाद कोप्ता अलग रख दिए जाते हैं।

ग्रेवी बनाने की प्रक्रिया

ग्रेवी के लिए चार टमाटर, दो प्याज, अदरक और लहसुन को मिक्सी में पीस लिया जाता है। कढ़ाही में दो चम्मच तेल डालकर तेज पत्ता, जीरा और सरसों का तड़का लगाया जाता है। इसके बाद हल्दी, मिर्च और अन्य मसाले डालकर अच्छी तरह भूनाई की जाती है, जब तक तेल अलग न हो जाए।

अब इसमें गरम पानी डालकर ग्रेवी को उबाल आने दिया जाता है।

ग्रेवी में डालें कोप्ता और मलाई

उबलती ग्रेवी में एक-एक कर तले हुए मेथी के कोप्ता डाल दिए जाते हैं। इसके साथ हरा धनिया और दूध की मलाई मिलाई जाती है। सब्ज़ी को एक मिनट तक ढककर रखकर गैस बंद कर दी जाती है।

तैयार है मेथी मलई कोप्ता

इस तरह आपकी स्वादिष्ट मेथी मलई कोप्ता सब्ज़ी तैयार है। इसे आप चावल, रोटी या नान के साथ परोस सकते हैं। यह रेसिपी खासतौर पर मेहमानों के लिए भी एक बढ़िया विकल्प है।

यहां देखें वीडियो

ये भी पढ़ें...

[wpr-template id="218"]