नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है और सड़क, रेल व हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही कई इलाकों में कोल्ड डे और कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम के चलते मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जेट स्ट्रीम में कोर हवाओं की रफ्तार करीब 130 नॉट्स तक पहुंच गई है, जिसकी वजह से उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है।
एक साथ तीन-तीन मौसमीय सिस्टम सक्रिय
IMD के अनुसार बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और उससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र 6 जनवरी की शाम तक उसी क्षेत्र में मौजूद रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है और इसके बाद अगले 48 घंटों तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
समुद्र में उग्र हालात, मछुआरों को चेतावनी
इस सिस्टम के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं। खासकर श्रीलंका के तटवर्ती इलाके, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों में गति 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।
उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर का कहर
वहीं दूसरी ओर उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसी वजह से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में भीषण ठंड और कोहरे की स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली में दो दिन और बढ़ेगी ठंड
दिल्ली में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है, जबकि 8 जनवरी को यह और नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी कम है। 7 और 8 जनवरी की सुबह कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने और कुछ स्थानों पर कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है।

यूपी, बिहार और एमपी में हालात गंभीर
उत्तर प्रदेश में 7 और 8 जनवरी को कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके बाद भी अगले पांच दिनों तक कुछ इलाकों में कोहरे का असर बना रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस और शीत लहर की स्थिति से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
बिहार में मौसम और सख्त होने वाला है। IMD के अनुसार राज्य में 13 जनवरी तक घने कोहरे की संभावना है। सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। बावजूद इसके 7 और 8 जनवरी को कुछ इलाकों में शीत लहर और घना कोहरा बना रह सकता है।
पंजाब-हरियाणा में शीतलहर, उत्तराखंड में पाला
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 7 से 9 जनवरी के बीच शीतलहर और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। वहीं उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाला पड़ने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत पर डिप्रेशन का असर
बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल सकता है, जिससे दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि उत्तर भारत में इसका असर मुख्य रूप से ठंड और कोहरे के रूप में ही देखने को मिलेगा।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे और भीषण ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त विशेष सावधानी बरतें। किसानों, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात अपनाने की जरूरत है।






















