रायपुर। ओडिशा में चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए राज्य की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव 27 अक्टूबर से राज्य में भारी बारिश ला सकता है। चक्रवात का असर ओडिशा के साथ बिहार, झारखंड और बंगाल में भी देखने को मिलेगा। यहां अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को 26 अक्टूबर से समुद्र में न जाने की सलाह दी है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में रविवार से छिटपुट बारिश शुरू हो सकती है। ओडिशा में 27, 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
ओडिशा तैयार – मंत्री बोले, “घबराने की जरूरत नहीं”
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि राज्य पूरी तरह तैयार है। स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा और कृषि विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में राहत केंद्र, निकासी और आवश्यक आपूर्ति की तैयारी कर ली गई है।
दिल्ली में तापमान में गिरावट, वायु गुणवत्ता खराब
दिल्ली में तापमान लगातार गिर रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 292 यानी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।
2023 में अक्टूबर माह में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि 2024 में यह 17.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह हल्की धुंध और शाम को आंशिक बादल रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।







