महासमुंद पुलिस पर सवाल: गांजा तस्कर को छोड़ा, नकली नोटों संग फिर पकड़ा गया

महासमुंद। जिले में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा गया युवक न केवल नशे के कारोबार में लिप्त था बल्कि वह नकली नोटों का सौदागर भी निकला।

20 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया, पुलिस से की सेटिंग

5 सितंबर को महासमुंद पिथौरा पुलिस ने आरोपी भीखम चंद्रवंशी (27 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा, जिला कबीरधाम को 20 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। आरोप है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ ₹60,000 में सेटिंग कर ली और रकम एक ढाबा संचालक के अकाउंट में ऑनलाइन पेमेंट की गई। इसके बाद आरोपी को छोड़ दिया गया।

मामला उजागर होने पर महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।

कबीरधाम पुलिस ने नकली नोटों के साथ दबोचा

पटेवा से छूटने के बाद आरोपी अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कबीरधाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में आरोपी को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से ₹500 के 15 नकली नोट बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लंबे समय से जाली नोटों का धंधा कर रहा है। अब तक वह तीन से चार लाख रुपए तक नकली नोट बाजार में खपा चुका है और लगभग ₹50,000 नकली नोट जुएं में हार चुका है।

ओडिशा कनेक्शन की पुष्टि

डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर (कवर्धा) ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 179 और 180 के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में ओडिशा नेटवर्क की पुष्टि हुई है और जांच टीम जल्द ही ओडिशा रवाना होगी।

सस्पेंड पुलिसकर्मियों के नाम गुप्त

महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह ने कहा कि आरोपी से सेटिंग कर छोड़ने के आरोप में चार आरक्षकों को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच चल रही है, इसलिए सस्पेंड पुलिसकर्मियों के नाम अभी उजागर नहीं किए जा सकते। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें...

Edit Template