दुर्ग। शादी के सीजन में जहां रस्मों और रिश्तों की चहल-पहल सुर्खियों में रहती है, वहीं दूसरी ओर ठगी और फरेब के मामले भी तेजी से सामने आ रहे हैं। अब तक देशभर में “लूटेरी दुल्हन” के कई मामले उजागर होते रहे हैं, लेकिन इस बार छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ‘लूटेरा दूल्हा’ पकड़ाया है, जिसने अब तक चार महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये का चूना लगाया है।
मोहन नगर पुलिस ने गुजरात निवासी 55 वर्षीय बीरेंद्र कुमार सोलंकी को दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को इंजीनियर और कुंवारा बताकर महिलाओं को जाल में फंसाता था। वहीं अखबारों और मैट्रिमोनियल साइट पर झूठे विज्ञापन देकर अपनी ‘इमेज’ बनाता था।
मेट्रिमोनियल साइट से हुई पहचान, लिव-इन में रखा और फिर होटल में शादी
दुर्ग की एक अधेड़ शिक्षिका ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। पीड़िता का आरोपी से संपर्क वर्ष 2019 में मेट्रिमोनियल साइट के जरिए हुआ।
धीरे-धीरे पहचान बढ़ी और महिला आरोपी से मिलने गुजरात तक जाने लगी।
आरोपी ने महिला को लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी किया और दोनों लगभग तीन साल तक पति-पत्नी की तरह रहे। इस दौरान आरोपी गुजरात और दुर्ग आना-जाना करता रहा और खुद को एक निजी कंपनी में कार्यरत बताता रहा।
2023 में होटल में रचाई शादी… और 45 लाख लेकर फरार
पीड़िता ने बताया कि लिव-इन के बाद आरोपी ने दुर्ग के एक होटल में रीति-रिवाज से शादी कर ली।
इसके बाद उसने गुजरात में मकान खरीदने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में 32 लाख रुपये ले लिए।
साथ ही एक बार 12 लाख रुपये और 1 लाख के जेवर अलमारी से चोरी कर लिए।
महिला को कुल 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ। यह रकम उसने बैंक लोन और गोल्ड लोन लेकर आरोपी को दी थी।
और भी शादियां… सरकारी डॉक्टर पत्नी और IVF से जुड़वां बच्चे
जब पीड़िता को ठगी का संदेह हुआ, तो उसने खुद गुजरात जाकर जांच-पड़ताल की। तब खुलासा हुआ कि आरोपी की पहले से दो शादियां हो चुकी हैं और उन पत्नियों से बड़े-बड़े बच्चे भी हैं।
सबसे बड़ी बात यह कि जिसने पीड़िता से ठगी की, उसके बाद आरोपी ने गुजरात की एक सरकारी डॉक्टर से शादी कर ली और IVF के जरिए दो जुड़वां बच्चों का पिता भी बन गया।
आरोपी की ठगी का पैटर्न था—
🔹 उम्रदराज
🔹 अकेली
🔹 तलाकशुदा या विधवा महिलाएं
इनको लक्ष्य बनाकर शादी और भविष्य का भरोसा देकर रकम ऐंठ लेना।
आरोपी जेल भेजा गया, और भी पीड़ित मिलने की आशंका
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी और चोरी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं और भी महिलाएं तो इस ‘लूटेरे दूल्हे’ की शिकार नहीं हुई हैं।
मोहन नगर थाना इस मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।




