रायगढ़। रायगढ़ कोयला खदान विरोध: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल कंपनी की कोयला खदान परियोजना के विरोध में चल रहा आंदोलन शुक्रवार को हिंसक हो गया। लिबरा स्थित सीएचपी चौक पर धरना प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें तमनार थाना प्रभारी टीआई कमला पुसाम सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लॉक को लेकर हुई जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए तमनार क्षेत्र के 14 गांवों के ग्रामीण बीते करीब 15 दिनों से कंपनी के गेट के सामने शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। इस कारण कंपनी के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप था।
धरना हटाने के दौरान बिगड़ा माहौल
रायगढ़ कोयला खदान विरोध: शुक्रवार को पुलिस बल धरना स्थल पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त करने का आग्रह किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इसी बीच पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें कई जवान घायल हो गए।
वाहन की टक्कर से भड़का आक्रोश
बताया जा रहा है कि धरना हटने के बाद जब भारी वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हुआ, तभी खुरूषलेंगा गांव के पास एक भारी वाहन ने साइकिल सवार ग्रामीण को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। घटना की सूचना पर तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। यहां ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस झड़प में टीआई कमला पुसाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
यहां देखें वीडियों
🚨 रायगढ़ में कोयला खदान को लेकर बवाल टीआई कमला पुसाम समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए @CollectorRaigarh@RaigarhPolice
@CGPoliceDept@ChhattisgarhCMO@INCChhattisgarh@BJP4CGState pic.twitter.com/XWt9tOgRb1— Web Morcha (@WebMorcha) December 27, 2025
वाहनों में आगजनी, गांव में तनाव
रायगढ़ कोयला खदान विरोध: आक्रोशित ग्रामीणों ने सीएचपी चौक पर खड़ी कंपनी की दो बसों, एक एंबुलेंस और एक कार सहित कई वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने अब तक 30 से 35 लोगों को हिरासत में लिया है।
तनाव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस और प्रशासन सतर्कता बरत रहे हैं।


Recent Comments