गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहे थे। पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ियों की मध्य प्रदेश की नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। हालांकि, देवभोग पुलिस को पहले ही इसकी सूचना मिल चुकी थी और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई थी।
थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि नाकाबंदी देख तस्करों ने तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर पीछा किया गया। भागने के दौरान दोनों स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
कारों की तलाशी में करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के गांधी नगर और साजनाबाद क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि अन्य चार आरोपियों की उम्र 22 से 26 वर्ष के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के लिए मोटी रकम के लालच में गांजा सप्लाई करने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। उल्लेखनीय है कि देवभोग पुलिस ने 24 दिन पहले भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से करीब 9 लाख रुपये का गांजा जब्त कर मध्य प्रदेश के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी हुई है।


Recent Comments