Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी की हत्या: दुकान में घुसकर मारी गोली,...

छत्तीसगढ़ में दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी की हत्या: दुकान में घुसकर मारी गोली, सोना-चांदी लूटकर फरार हुए बदमाश

रायपुर/पेंड्रा सर्राफा कारोबारी की हत्या। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बुधवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान से सोना-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी प्रदीप सोनी साप्ताहिक बाजार में अपनी सर्राफा दुकान लगाए हुए थे। शाम के समय दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी लूट के इरादे से दुकान में घुसे थे। जब प्रदीप सोनी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घायल कारोबारी को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कारोबारी को कितनी गोलियां लगी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिले के एसपी अविनाश मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में घेराबंदी शुरू कर दी है। हालांकि अब तक लूटे गए सोना-चांदी की कीमत का खुलासा नहीं हो पाया है।

इधर, हत्या से नाराज परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी या सुराग देने वाले को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

मामले में गौरेला टीआई शनिप रात्रे ने बताया कि साप्ताहिक बाजार में व्यापारी की दुकान लगाई गई थी। दुकान बंद करने के दौरान बदमाशों ने लूटपाट करते हुए गोली मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments