रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है, जहां बुधवार सुबह पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया था। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण फंस गया है। आरोपी ने डीजल भरवाने और अन्य जरूरी काम का हवाला देते हुए पैसों की मांग की।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं, जिनमें नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं। इसी वजह से विधायक को उस पर भरोसा हो गया। पहले आरोपी ने 4,500 रुपये मांगे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से उसके खाते में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। इस पर विधायक को शक हुआ। उन्होंने सोचा कि भुवनेश्वर इतनी जल्दी पहुंचना संभव नहीं है, ऐसे में दोबारा पैसों की मांग संदिग्ध लग रही है। इसके बाद उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
विधायक ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से पैसों की मांग होने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है।
पहले भी भाजपा नेता हो चुके हैं निशाना
गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की दूसरी बड़ी घटना भी सामने आई थी। देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।


Recent Comments