Homeदेश - विदेशमहाराष्ट्र में जहरीली शराब से 15 की मौत! पुणे-पिंपरी चिंचवड़ में हड़कंप,...

महाराष्ट्र में जहरीली शराब से 15 की मौत! पुणे-पिंपरी चिंचवड़ में हड़कंप, कई लोगों की हालत गंभीर

मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र में जहरीली शराब ने एक बार फिर कहर बरपा दिया है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। वहीं पुणे के काले पड़ल और हडपसर क्षेत्र से भी लोगों की मौत की खबर आई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जहरीली और स्पिरिट मिश्रित शराब कथित अवैध कारोबारी योगेश वानखेडे द्वारा तैयार की गई थी। आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है।

बताया जा रहा है कि शराब पीने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और कुछ ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल है।

इधर, फुगेवाड़ी इलाके में लंबे समय से अवैध हाथभट्टी और देसी शराब के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

हालांकि दापोडी पुलिस ने शुरुआती स्तर पर जहरीली शराब से मौत की बात को लेकर अलग रुख अपनाया है। पुलिस का कहना है कि कुछ मौतें अलग-अलग कारणों से भी हो सकती हैं। पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों की मौत हार्ट अटैक, गिरने या अत्यधिक शराब सेवन जैसी वजहों से होने की आशंका जताई गई है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments