Homeकवर्धाकवर्धा में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री सुलझी: लापता युवक का शव बोरी में...

कवर्धा में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री सुलझी: लापता युवक का शव बोरी में मिला, एक ही परिवार के 3 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दो दिन से लापता युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। युवक की हत्या कर शव को बोरी में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे कथित अवैध संबंध और उससे उपजा विवाद कारण बताया जा रहा है।

लापता युवक की तलाश के दौरान मिला शव

जानकारी के अनुसार, ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा गांव में कृषि केंद्र का संचालन करता था। दो दिन पहले उसके अचानक लापता हो जाने पर परिजनों ने कवर्धा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी, तभी ग्राम सौढ़ा के पास पुल के निकट सड़क किनारे एक संदिग्ध बोरी मिली। जब पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ। पहचान करने पर शव कोमल वर्मा का निकला। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।

संदेह के आधार पर हिरासत, पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस का संदेह गांव के ही रामस्नेही वर्मा, उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा और रामस्नेही के छोटे भाई पर गया। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डोंगरगढ़ में मौसम का कहर: तेज आंधी और बारिश ने ली महिला व मासूम की जान, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

कथित अवैध संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक कोमल वर्मा और आरोपी की पत्नी के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पति, पत्नी और उसके देवर ने मिलकर युवक की हत्या की योजना बनाई और उसे मौत के घाट उतार दिया।

25 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंका शव

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उन्होंने शव को बोरी में भरकर लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम सौढ़ा के पास पुल किनारे फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या अज्ञात मौत जैसा लगे। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब बनाई गई थी और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments