अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (GT) को पांच विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही आरसीबी आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन तक चैंपियन बनने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के नाम थी।
विराट कोहली ने खेली मैच जिताऊ पारी
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 75 रन बनाए। उन्होंने मात्र 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी पूरा किया। एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद विराट ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटे।
रजत पाटीदार ने दोहराया कमाल
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने एक बार फिर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। वर्ष 2025 में टीम को पहला आईपीएल खिताब दिलाने वाले पाटीदार ने लगातार दूसरे सीजन में भी टीम को चैंपियन बनाया। इसके साथ ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों की सूची में जगह बना ली, जिन्होंने अपनी टीमों को लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जिताई थी।
भुवनेश्वर कुमार रहे सीजन के सबसे बड़े मैच विनर
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में उन्होंने 29 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं पूरे टूर्नामेंट में 16 मैचों में 28 विकेट लेकर आरसीबी की सफलता में अहम भूमिका निभाई। जोश हेजलवुड ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए 13 मैचों में 15 विकेट हासिल किए।

गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी रही फीकी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम आरसीबी के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने संघर्ष करती नजर आई। कप्तान शुभमन गिल की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन ही बना सकी।
आरसीबी की ओर से रसिख सलाम ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। कृणाल पंड्या को एक विकेट मिला।
𝙁𝙞𝙧𝙨𝙩 𝙩𝙞𝙢𝙚 𝙬𝙖𝙨 𝙨𝙤 𝙣𝙞𝙘𝙚, 𝙩𝙝𝙚𝙮 𝙝𝙖𝙙 𝙩𝙤 𝙙𝙤 𝙞𝙩 𝙩𝙬𝙞𝙘𝙚 ❤️@RCBTweets are your #TATAIPL 2026 Champions 🏆#Final | #TheFinalLeap | #RCBvGT pic.twitter.com/vAqXacHPju
— IndianPremierLeague (@IPL) May 31, 2026
13वें ओवर में लगा पहला छक्का
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की धीमी पिच पर गुजरात के बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल सके। टीम को अपना पहला छक्का लगाने के लिए 13वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा। अरशद खान ने कृणाल पंड्या की गेंद पर मिड-विकेट के ऊपर से छक्का जड़कर यह इंतजार खत्म किया। गुजरात की पूरी पारी में केवल तीन छक्के लगे, जिससे आरसीबी के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा लगाया जा सकता है।
लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर आरसीबी ने यह साबित कर दिया है कि अब टीम सिर्फ लोकप्रियता ही नहीं, बल्कि प्रदर्शन के दम पर भी आईपीएल की सबसे सफल टीमों में अपनी जगह बना चुकी है।


Recent Comments