CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
मौसम में बदलाव के संकेत
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार गुरुवार से प्रदेशभर में मेघगर्जन, बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
इन जिलों में बारिश की संभावना
CG Weather Update: भारतीय मौसम विभाग की नाउकास्ट चेतावनी के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। चेतावनी गुरुवार सुबह 10:13 बजे तक प्रभावी बताई गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में रिकॉर्ड हुई। कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर तथा पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान का हाल
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 4 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह
CG Weather Update: विभाग ने किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले में रखी कटी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने, बारिश के दौरान वाहन सावधानी से चलाने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा वर्षा के समय उर्वरक और कीटनाशकों के उपयोग से बचने की सलाह भी दी गई है।


Recent Comments