रायपुर छत्तीसगढ़ में कब पहुंचेगा मानसून?। छत्तीसगढ़ में मानसून की आधिकारिक एंट्री भले ही अभी नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है और अब इसकी आगे बढ़ने की रफ्तार पर नजर बनी हुई है। इस बीच प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
गुरुवार को जगदलपुर में दोपहर बाद अचानक तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जिलों के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
तीन दिन तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
20 जून तक हो सकती है मानसून की एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है। इसके चलते आने वाले एक सप्ताह में प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। अनुमान है कि 20 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में दस्तक दे सकता है। मानसून के आगमन के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और प्रदेश में नियमित वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक, हल्की बारिश और धूलभरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
प्रमुख बातें
- छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज
- अगले एक सप्ताह में बढ़ सकती हैं प्री-मानसून गतिविधियां
- तीन दिन तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
- 20 जून तक प्रदेश में मानसून की एंट्री की संभावना


Recent Comments