Homeछत्तीसगढ़महासमुंद: शव लेकर जा रही एंबुलेंस ने किसान को मारी टक्कर, हालत...

महासमुंद: शव लेकर जा रही एंबुलेंस ने किसान को मारी टक्कर, हालत गंभीर; चालक को ग्रामीणों ने घेरा, मारपीट की सूचना

कोमाखान/महासमुंद, 7 जुलाई। महासमुंद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर सुअरमार-पटपरपाली के पास सोमवार शाम हुए एक सड़क हादसे में करीब 58 वर्षीय किसान स्वामीलाल साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वे अपने दो बैलों के साथ खेती-किसानी का काम पूरा कर घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रही एंबुलेंस क्रमांक CG 04 PE 4384 ने किसान को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 मौके पर पहुंची और घायल किसान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेजा गया।

घटना के बाद आक्रोशित हुए ग्रामीण

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैकड़ों ग्रामीणों ने एंबुलेंस चालक को रोक लिया। इस दौरान चालक के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

एंबुलेंस में था युवक का शव

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना करने वाली एंबुलेंस में एक युवक का शव रखा हुआ था। परिजनों ने बताया कि युवक की किडनी फेल होने के कारण रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शव को अंतिम संस्कार के लिए रायपुर से ओडिशा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस मौके पर

घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

यह खबर घटनास्थल से प्राप्त प्रत्यक्ष जानकारी पर आधारित है। पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद आगे की जानकारी अपडेट की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments