Homeछत्तीसगढ़रायपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 सेंटरों में...

रायपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 सेंटरों में आकस्मिक दबिश

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए वेस्ट जोन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित 10 स्पा सेंटरों पर एक साथ आकस्मिक दबिश देकर गहन जांच की। अचानक हुई कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया।

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। डीसीपी पश्चिम क्षेत्र संदीप पटेल के निर्देश पर एडीसीपी राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना क्षेत्रों के स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की बारीकी से जांच की। साथ ही सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और रजिस्टरों का भी सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए, आगंतुकों का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू अवस्था में रखें। इसके अलावा स्पा सेंटरों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित होती पाई गई, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments