महासमुंद। शहर के वार्ड नंबर 02 इमलीभाठा स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से तीन बड़े पीतल के घंटे, तांबे की कलश, दो तांबे के लोटे, फूल कांच की थाली, छह चांदी के नेत्र, एम्पलीफायर और दान पेटी में रखी रकम लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 29 हजार रुपए बताई गई है। घटना की जानकारी 22 अगस्त की सुबह होने के बाद मंदिर समिति की ओर से थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई गई।
रात 10 बजे से सुबह 7:30 बजे के बीच वारदात
आवेदन के मुताबिक, वार्ड नंबर 02 इमलीभाठा, बेमचा रोड निवासी दीपक साहू ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे के बाद से 22 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर परिसर से पूजा-पाठ में उपयोग होने वाली सामग्री के साथ इलेक्ट्रॉनिक सामान और दान पेटी में रखी रकम भी चोरी कर ले गया।
मंदिर से ये सामान हुआ चोरी
शिकायत के अनुसार चोरों ने मंदिर से तीन नग बड़े पीतल के घंटे, एक तांबे की कलश, दो तांबे के लोटे, एक फूल कांच की थाली और छह नग चांदी के नेत्र चोरी किए। इसके अलावा करीब 15 हजार रुपए कीमत का एक एम्पलीफायर भी पार कर दिया गया। दान पेटी में रखी करीब 4 हजार रुपए की नकदी भी चोर ले गए।
शिकायतकर्ता ने चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 29 हजार रुपए बताई है।
सुबह हुई चोरी की जानकारी, आसपास की गई तलाश
मंदिर में चोरी की जानकारी 22 अगस्त की सुबह हुई। इसके बाद मंदिर समिति और आसपास के लोगों ने क्षेत्र में खोजबीन की तथा चोरी गए सामान का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज
मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत के आधार पर थाना महासमुंद पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब चोरी की घटना से जुड़े संभावित सुरागों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
मंदिर समिति ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

Recent Comments