रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुछ आरोपियों के नाबालिग होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पिछले 20 दिनों में रायपुर में हत्या की करीब 12 वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं को लेकर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
महादेव घाट रोड पर चाकूबाजी, एक की मौत
पहली घटना महादेव घाट रोड पर सुमीत बाजार के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने उसे रास्ते में रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल टिकेंद्र की मौत हो गई। वहीं कैलाश को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच शुरू कर दी है।
चंगोराभांठा में 20 वर्षीय युवक की हत्या
दूसरी घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
5 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
दोनों घटनाओं के बाद डीडी नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के नाबालिग होने की भी जानकारी है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। दोनों मामलों में बीएनएस की हत्या, बलवा समेत संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Recent Comments