महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक 20 वर्षीय युवती से करीब 1 लाख 42 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तुमगांव के वार्ड नंबर 02 निवासी चित्रांशा दुबे ने शिकायत में बताया कि 24 फरवरी 2025 को Instagram के माध्यम से एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। आरोपी ने ऑनलाइन ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर युवती ने अलग-अलग तारीखों में रकम जमा करना शुरू कर दिया।
अलग-अलग किश्तों में भेजे 1.42 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी मां के जिला सहकारी बैंक तुमगांव शाखा के खाते से गांव के च्वाइस सेंटरों के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में रकम निकालकर आरोपी द्वारा दिए गए QR कोड पर भेजी। 23 फरवरी 2025 से 22 दिसंबर 2025 के बीच कई किस्तों में कुल 1,42,089.79 रुपये ट्रांसफर किए गए।
पीड़िता के अनुसार, रकम जमा करने के बाद जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित आरोपी ने और 13,854 रुपये जमा करने को कहा। आरोपी ने दावा किया कि इसके बाद निवेश की मैच्योरिटी होने पर करीब 2,33,570.29 रुपये का मुनाफा मिलेगा।
पैसे देने से इनकार किया तो AI फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि जब उसने और पैसे देने से इनकार कर अपने पूर्व में दिए गए रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने AI से बनाए गए फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मामले में तुमगांव पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। FIR में आरोपी के रूप में मोबाइल नंबरों के धारक अज्ञात व्यक्ति का उल्लेख है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक संजय तिवारी द्वारा की जा रही है।
सावधानी: ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए संपर्क करने वाले अज्ञात लोगों के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म और व्यक्ति की विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है।

Recent Comments