महासमुंद/सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को जोंक नदी के पुराने पुल पर बड़ा हादसा हो गया। सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगनआर कार और विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे जोंक नदी में जा गिरे। हादसे में कार और बाइक सवार कुल सात लोग नदी में गिर गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा 30 अगस्त 2026 को सांकरा जोंक नदी के पुराने पुल पर हुआ। कार में चार लोग सवार थे, जबकि बाइक पर तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
रेस्क्यू कर मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत, सभी निवासी दूधिपाली थाना बसना, तथा बाइक सवार विजय साहू और विशाली साहू, निवासी ग्राम गबौद चौकी बार, बलौदाबाजार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कार चालक की डूबने से मौत
हादसे में कार चालक राजकुमार निषाद पिता तेजराम निषाद (42 वर्ष), निवासी दूधिपाली नदी में डूब गए। काफी तलाश के बाद उनका शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक नदी में डूबने से उनकी मृत्यु हुई है।
वहीं बाइक चालक भगीरथी साहू पिता मयाराम साहू (55 वर्ष), निवासी बारनवापारा हादसे के बाद से लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम लापता बाइक चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच भी की जा रही है।

Recent Comments