महासमुंद/तुमगांव। सरकारी पेयजल परियोजना के लिए रखे करीब 100 DI पाइप चोरी होने की घटना के करीब 9 महीने बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है। मामला ग्राम कुहरी मोड़ के पास का है, जहां 10 नवंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों द्वारा करीब 10 लाख रुपये कीमत के पाइप चोरी किए जाने की शिकायत सामने आई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अब धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता श्री माधव अग्रवाल की संस्था में परियोजना प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। संस्था द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), महासमुंद के अंतर्गत सामोदा-अछोला मल्टी विलेज वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत क्षेत्र के 48 से अधिक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के पास रखा था पाइपों का स्टॉक
शिकायत के अनुसार, परियोजना के तहत घोड़ारी से कुहरी मोड़ तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित था। इसी के लिए ग्राम कुहरी मोड़ के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग के पास DI पाइप का स्टॉक रखा गया था।
बताया गया है कि 10 नवंबर 2025 की रात करीब 11:50 बजे अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने वहां रखे लगभग 100 DI पाइप चोरी कर लिए। चोरी गए पाइपों की अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है।
पेयजल परियोजना पर भी पड़ सकता है असर
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पाइप चोरी होने से संस्था को आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के कार्य में देरी होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए प्रस्तावित पेयजल आपूर्ति योजना भी प्रभावित हो सकती है।
शिकायत के साथ वर्तमान स्टॉक और पूर्व स्टॉक की तस्वीरें भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की बात आवेदन में कही गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस चोरी गए DI पाइपों का पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Recent Comments