महासमुंद। नशीली टैबलेट तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन गुरुवार सुबह वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी की तलाश के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच की जा रही है।
ओडिशा से नशीली टैबलेट तस्करी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में 20 वर्षीय दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत की। सरायपाली में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
दो जवानों की निगरानी के बावजूद फरार
अस्पताल में आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव को सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर से संबंधित काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी मौका पाकर अस्पताल से फरार हो गया।
बताया गया है कि आरोपी के पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह पुलिस की निगरानी से बचकर कैसे भाग निकला, यह जांच का विषय है। फरारी के समय आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं और उसकी सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए आरोपी के फरार होने के रास्ते और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश कर रही है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई जारी बताई गई है।
एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नशीली टैबलेट तस्करी के आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था और उसकी निगरानी के लिए दो पुलिस जवान तैनात थे। इसके बावजूद आरोपी का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब पुलिस के सामने आरोपी को जल्द पकड़ने के साथ ही यह पता लगाने की चुनौती है कि ड्यूटी के दौरान हुई इस चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।
अपडेट: फरार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, दोबारा हिरासत में लिया
महासमुंद। जिला अस्पताल से फरार हुए नशीली टैबलेट तस्करी के आरोपी दिनेश सिंह राजपूत को पुलिस ने पकड़ लिया है। फरारी के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी के दोबारा पकड़े जाने के बाद उसे फिर से हिरासत में ले लिया गया है। अस्पताल से आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस की जांच जारी है। अभिरक्षा में लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।


Recent Comments