महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। संबलपुर से लौट रही एक कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग संबलपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बावनकेरा चौक के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग संभवतः राजनांदगांव के रहने वाले हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
नोट: मृतकों एवं घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


Recent Comments