Homeछत्तीसगढ़कोमाखान क्षेत्र में दो युवकों से धारदार चाकू बरामद, आर्म्स एक्ट के...

कोमाखान क्षेत्र में दो युवकों से धारदार चाकू बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार

अमनपुरी के युवकों पर राहगीरों को चाकू लहराकर डराने-धमकाने का आरोप, पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चाकू जब्त किए

महासमुंद। थाना कोमाखान पुलिस ने क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नर्रा-खट्टी रोड पर अलग-अलग स्थानों पर दो युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराकर धमका रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थानों पर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

परसूली पुल के पास चाकू लहराते पकड़ा गया युवक

पहली कार्रवाई नर्रा-खट्टी रोड पर ग्राम परसूली पुल के पास की गई। यहां पुलिस ने मुकेश यादव (20 वर्ष), पिता स्व. हुमन यादव, निवासी अमनपुरी, थाना कोमाखान को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से हरे-पीले रंग की मूठ वाला लोहे का चाकू बरामद किया गया।

चाकू की कुल लंबाई लगभग 11.03 इंच, फल की लंबाई 6.5 इंच तथा चौड़ाई 1.2 इंच बताई गई है। चाकू के फल पर 20 दांत एवं चार छेद तथा मध्य भाग में लाइट लगी हुई थी। इसकी कीमत लगभग 700 रुपये बताई गई है। आरोपी चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

अमनपुरी में दूसरे युवक से चाकू बरामद

दूसरी कार्रवाई खट्टी रोड पर मोनू सतनामी के घर के पास की गई। पुलिस ने तिलक यादव (19 वर्ष), पिता पृथ्वी सिंह यादव, निवासी अमनपुरी, थाना कोमाखान को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से हरे-पीले रंग की मूठ वाला लोहे का चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई लगभग 12.04 इंच तथा फल की लंबाई 7.3 इंच थी। चाकू के फल पर 11 दांत एवं छेद, मध्य भाग में लाइट तथा मूठ के अंतिम हिस्से में चार छेद थे। जब्त चाकू की कीमत लगभग 800 रुपये बताई गई है। आरोपी भी चाकू रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चाकू जब्त कर उनके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। दोनों को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी देकर गिरफ्तार किया गया तथा उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। मामले में आगे विवेचना की जा रही है।

वेबमोर्चा | कल की बात आज

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments