समर्थन मूल्य पर 26.64 लाख रुपये की गड़बड़ी, थाने में एफआईआर दर्ज
महासमुंद। धान खरीदी केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान धान की मात्रा कम पाए जाने के मामले में तेंदूकोना धान खरीदी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर की तेंदूकोना शाखा के शाखा प्रबंधक ने मामले को गंभीर मानते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
तेंदूकोना थाने में दिए गए आवेदन में शाखा प्रबंधक श्रवण सिंह ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित तेंदूकोना (पंजीयन क्रमांक 1127) के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र तेंदूकोना में 26 जनवरी 2026 को नायब तहसीलदार बागबाहरा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा धान स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया था।
ऑनलाइन रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन में बड़ा अंतर
जांच के दौरान सामने आया कि उपार्जन केंद्र तेंदूकोना की ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार मौके पर 1,44,794 कट्टा/बोरा धान उपलब्ध होना दर्शाया गया था, जबकि भौतिक सत्यापन में फड़ पर केवल 1,42,645 कट्टा/बोरा धान ही पाया गया।
इस प्रकार 2149 कट्टा/बोरा धान कम पाया गया। समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति कट्टा के हिसाब से यह गड़बड़ी करीब 26,64,760 रुपये की बताई गई है।
वित्तीय अनियमितता का आरोप
जांच रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया गया कि धान खरीदी प्रभारी जोइधा राम साहू द्वारा वित्तीय अनियमितता करते हुए शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। जांच के दौरान खरीदी प्रभारी एवं अन्य सहकर्मियों की उपस्थिति में धान फड़ के प्रत्येक स्टेक की गिनती की गई थी।
नायब तहसीलदार की रिपोर्ट में पुष्टि
नायब तहसीलदार बागबाहरा, जिला महासमुंद द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार, नियमानुसार धान उपार्जन केंद्र तेंदूकोना में कुल 1,44,794 कट्टा (57,917.60 क्विंटल) धान की खरीदी की गई थी। लेकिन भौतिक सत्यापन में 2149 कट्टा (859.60 क्विंटल) धान कम पाया गया।
BNS की धारा में मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। आगे की जांच जारी है।




















