Homeछत्तीसगढ़रायपुर जाने वाले सावधान! बेलसोंडा रेलवे फाटक 4 रात रहेगा बंद, 24...

रायपुर जाने वाले सावधान! बेलसोंडा रेलवे फाटक 4 रात रहेगा बंद, 24 किमी घूमकर तुमगांव से जाना होगा

महासमुंद। रायपुर की ओर रात में सफर करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। महासमुंद-बेलसोंडा रेलखंड के बीच स्थित रेलवे फाटक 21 से 24 अगस्त तक लगातार चार रात बंद रहेगा। रेलवे की ओर से पटरी के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

रेलवे फाटक बंद रहने से महासमुंद से रायपुर और घोड़ारी क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले लोगों को तुमगांव के रास्ते वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा। इससे यात्रियों को सामान्य दूरी की तुलना में करीब 24 किलोमीटर तक अतिरिक्त सफर करना होगा।

21 से 24 अगस्त तक रात में रहेगा बंद

पूर्व तट रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेल पथ), महासमुंद कार्यालय की ओर से यातायात पुलिस को रेलवे फाटक बंद रखने की सूचना दी गई है। पत्र के अनुसार, महासमुंद और बेलसोंडा स्टेशन के बीच स्थित समपार फाटक पर पटरी का आवश्यक रखरखाव किया जाना है।

मरम्मत कार्य के दौरान रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक फाटक से यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दिन के समय आवागमन सामान्य रहने की संभावना है।

24 किलोमीटर का करना होगा चक्कर

रेलवे फाटक बंद होने के कारण घोड़ारी से महासमुंद और महासमुंद से घोड़ारी की ओर जाने वाले वाहनों को तुमगांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

सामान्य तौर पर महासमुंद से घोड़ारी की दूरी करीब 7.5 किलोमीटर है। लेकिन वैकल्पिक मार्ग अपनाने पर महासमुंद से तुमगांव करीब 13 किलोमीटर और तुमगांव से घोड़ारी करीब 11 किलोमीटर का सफर करना होगा। इस तरह यात्रियों को करीब 24 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ेगा।

मरीजों और एंबुलेंस की बढ़ेगी परेशानी

इस मार्ग का इस्तेमाल घोड़ारी और आसपास के दर्जनभर से अधिक गांवों के लोग जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करते हैं। रात के समय रायपुर से ओडिशा की ओर जाने वाली बसें और अन्य यात्री वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं।

ऐसे में रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान एंबुलेंस, मरीजों, यात्री बसों और रात में सफर करने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

डायवर्जन प्वाइंट पर तैनात रहेगी पुलिस

यातायात डीएसपी गोपाल धुरवे के अनुसार, रेलवे की सूचना के बाद यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महासमुंद में तुमगांव मार्ग ओवरब्रिज के पास और घोड़ारी में नेशनल हाईवे-53 पर यातायात पुलिस मौजूद रहेगी।

पुलिसकर्मी वाहन चालकों को फाटक बंद होने की जानकारी देने के साथ ही उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से रवाना करेंगे।

रात में सफर करने वालों से अपील

रेलवे और पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों एवं यात्रियों से अपील की है कि 21 से 24 अगस्त तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच बेलसोंडा रेलवे फाटक की ओर जाने से बचें। यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लें और अतिरिक्त समय लेकर ही सफर करें।

खासकर मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस और लंबी दूरी की बसों के चालक इस चार दिवसीय रात्री ब्लॉक को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

sitename%
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments