Homeछत्तीसगढ़बागबाहरा हवलदार दयासागर की सड़क हादसे में मौत, साकरा के पास ट्रक...

बागबाहरा हवलदार दयासागर की सड़क हादसे में मौत, साकरा के पास ट्रक की चपेट में आए

साकरा/बसना। महासमुंद जिले के साकरा (जोंक नदी) के पास रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बागबाहरा थाना में पदस्थ हवलदार दयासागर भोई की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोंक नदी पुल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दयासागर भोई गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक के नीचे आ गए। अत्यधिक चोट और रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बसना थाना प्रभारी (टीआई) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक दयासागर भोई वर्तमान में बागबाहरा थाना में हवलदार पद पर पदस्थ थे। वे मूल रूप से बसना क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और पुलिस विभाग के अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल ट्रक तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और NHAI की एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दयासागर भोई की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दयासागर भोई के असामयिक निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ जवान खो दिया है। उनके निधन की खबर से बसना और बागबाहरा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments