Homeछत्तीसगढ़CG Weather Today: नौतपा के पहले दिन छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, 5...

CG Weather Today: नौतपा के पहले दिन छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, 5 शहरों का तापमान 45 डिग्री पार, 3 दिन बाद राहत के संकेत

रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के साथ हुई। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली और राजनांदगांव समेत कई शहरों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में इस सीजन में पहली बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी आने की वजह से अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

3 दिन बाद राहत के आसार

CG Weather Today: मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। बीते 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, लेकिन नमी बढ़ने के कारण मौसम में परिवर्तन के संकेत मिलने लगे हैं।

सोमवार को सक्ती में 44.9 डिग्री, बेमेतरा में 44.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 44.4 डिग्री, गरियाबंद में 43.6 डिग्री और महासमुंद में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

इन शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार

  • राजनांदगांव – 46.5°C
  • माना (रायपुर) – 45.7°C
  • मुंगेली – 45.4°C
  • दुर्ग – 45.2°C
  • रायपुर – 45.1°C
  • बिलासपुर – 45.1°C

हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना

CG Weather Today: मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण 26 मई को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

हालांकि अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव और बस्तर संभाग के कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए अगले 48 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

रायपुर का मौसम

CG Weather Today: राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में तेज गर्म हवाएं चलने के आसार हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments