रायपुर। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने बुधवार को रायपुर जेल में बंद चैतन्य बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने प्रेस से बातचीत में जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों नेताओं के साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है। यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश में अघोषित आपातकाल लागू करने पर तुली हुई है।
जेल में नई-नई तरकीबों से हो रहा उत्पीड़न: देवेंद्र यादव
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, “चैतन्य बघेल और कवासी लखमा को जेल में लगातार परेशान किया जा रहा है। कवासी लखमा की आंखों में सूजन और पानी की शिकायत के बावजूद उन्हें उचित इलाज नहीं दिया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि यह मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है और राज्य सरकार की मंशा को उजागर करता है।
भाजपा सरकार पर अघोषित आपातकाल का आरोप
देवेंद्र यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, “आज जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे जेल भेज दिया जाता है। यह लोकतंत्र की हत्या है। देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं।” उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूंजीवाद और कॉरपोरेट वर्चस्व के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, और उनके बेटे चैतन्य बघेल को उसी लड़ाई की सजा दी जा रही है।
जेल के भीतर भी जारी है लड़ाई
चैतन्य बघेल से मुलाकात के बाद देवेंद्र यादव ने कहा, “मुझे गर्व है कि चैतन्य जेल के अंदर भी पूरे हौसले से संघर्ष कर रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ है।” इस दौरान उनके साथ विधायक राम कुमार यादव भी मौजूद रहे।
शराब घोटाले में बंद हैं चैतन्य बघेल
गौरतलब है कि चैतन्य बघेल, छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस लगातार राजनीतिक साजिश की बात कहती आ रही है।
बीजेपी पर मतदाता सूची से नाम कटवाने का आरोप
विधायक देवेंद्र यादव ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “बिहार में लाखों कांग्रेस समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं और यही साजिश छत्तीसगढ़ में भी शुरू हो गई है।” उन्होंने कहा कि यह भाजपा की लोकतंत्र को खत्म करने की तकनीक है – पहले अफवाह फैलाकर सत्ता में आए, फिर विपक्ष को तोड़कर सरकार बनाई, अब वोटरों के नाम कटवा रहे हैं।
बिहार में बड़ी रैली की घोषणा
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा की इस साजिश के खिलाफ बिहार में बड़ी रैली आयोजित करेंगे। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे लोकतंत्र और संविधान बचाने की इस लड़ाई में कांग्रेस के साथ खड़े हों।