कोमाखान/महासमुंद। पटपरपाली पंचायत क्षेत्र में चोरों के बढ़ते हौसले और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच आखिरकार आठवीं चोरी के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज हुई है। बीते करीब दो महीनों से क्षेत्र के किसान चोरी की वारदातों से परेशान हैं। किसी के खेत से ट्यूबवेल का कॉपर वायर गायब हुआ तो किसी का पंप और कृषि उपकरण चोरी हो गए। अब चोरों ने चंदरपुर हाईवे स्थित दिलीप मोटर वाइंडिंग दुकान को निशाना बनाकर शटर तोड़ दिया और करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पहले की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
आठवीं चोरी के बाद पुलिस ने दर्ज किया अपराध
चोरी की ताजा घटना 25 और 26 नवंबर की दरम्यानी रात की है। ग्राम चंदरपुर निवासी दिलीप कुमार साहू की गांव की सड़क पर दिलीप मोटर वाइंडिंग के नाम से दुकान है। दिलीप साहू के मुताबिक, 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 26 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला।
दुकान के अंदर रखे सामान की जांच करने पर गल्ले में रखे 3 हजार रुपये नगद, करीब 70 से 80 किलो कॉपर वायर और लगभग 15 किलो पीतल का मेटल बुश गायब मिला। चोरी हुए कॉपर वायर की कीमत 84 हजार रुपये और पीतल के बुश की कीमत 13,500 रुपये बताई गई है। नगदी सहित कुल 1 लाख 500 रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।
दिलीप साहू की लिखित शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
खेतों से लगातार चोरी, किसानों की मेहनत पर फिर रहा पानी
चंदरपुर की दुकान में हुई चोरी कोई अकेली घटना नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, पटपरपाली पंचायत क्षेत्र में बीते डेढ़ से दो महीने के दौरान चोरी की करीब आठ घटनाएं हो चुकी हैं। चोर किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर, पानी के पंप, मिनी पंप और दवा छिड़काव में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां सहित अन्य कृषि उपकरण चोरी कर रहे हैं।
इन घटनाओं में सागर त्रिपाठी, मनोज चंद्राकर, शिव साहू, तेजन साहू, अजय यादव और राजेन्द्र शर्मा सहित कई किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। तेजन साहू के यहां तो दो बार चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
किसानों के लिए खेतों में लगे पंप और मोटर खेती-किसानी का महत्वपूर्ण साधन हैं। इनके चोरी होने से आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
शिकायतें होती रहीं, लेकिन कार्रवाई का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं के बाद पीड़ित अपनी शिकायत लेकर कोमाखान थाने पहुंचे, लेकिन पहले के मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आती रही। अब चंदरपुर की दुकान में चोरी के मामले में अपराध दर्ज होने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुरानी घटनाओं की भी जांच होगी और चोरों का पता लगाया जाएगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक ही पंचायत क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, तब समय रहते इन पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए? क्या पुरानी शिकायतों की भी जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी की कोशिश होगी?
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग, ग्रामीणों में असुरक्षा
पटपरपाली पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, खेतों और हाईवे किनारे की दुकानों की सुरक्षा पर ध्यान देने तथा चोरी की सभी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले खेतों में रखे कृषि उपकरण सुरक्षित नहीं थे और अब दुकानों में भी चोरी होने लगी है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
आठ चोरी की घटनाओं के बाद एक मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, लेकिन ग्रामीणों को सिर्फ एफआईआर से नहीं, चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी से राहत मिलेगी। अब देखना होगा कि कोमाखान पुलिस पुरानी घटनाओं की कड़ियां जोड़कर चोरों तक कब पहुंचती है।


Recent Comments