महासमुंद। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। आरोपी कंपनी के मशीनरी सामान की आड़ में गांजा छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा, वाहन, मोबाइल और नकदी सहित कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाल रंग की टाटा माजदा (MH-46 CU-6060) में कंपनी का सामान लोड कर उसके बीच और पीछे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक में वाहन चेकिंग शुरू की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखे कंपनी के मशीनरी सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों से कुल 600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलो गांजा भरा हुआ था।
महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन चालक महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लाया गया था और उसे महाराष्ट्र के ठाणे जिले में खपाने की योजना थी।
जब्त सामग्री
- 600 किलोग्राम गांजा – कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये
- टाटा माजदा वाहन – कीमत 12 लाख रुपये
- 01 मोबाइल फोन – कीमत 5 हजार रुपये
- नकद राशि – 10 हजार रुपये
कुल जब्त संपत्ति: ₹3,12,15,000
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।


Recent Comments