आरंग। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। आरंग थाना क्षेत्र के पारागांव के पास मूरूम से भरे एक हाइवा ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मछली पकड़ने जा रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, पारागांव निवासी तीनों युवक प्लेटिना बाइक से महानदी में मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही हाइवा ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार हाइवा के चक्कों के नीचे आ गए और भारी वाहन ने उन्हें कुछ दूरी तक घसीट दिया।
सड़क पर बिखर गए शवों के टुकड़े
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़क पर शवों के टुकड़े बिखर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष)
तिलक जलक्षत्री (6 वर्ष, पुत्र)
श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष)
के रूप में हुई है। तीनों मृतक आरंग के बागेश्वर पारा के निवासी बताए जा रहे हैं।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










