महासमुंद/पिथौरा। जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में अंग्रेजी शराब में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को अंग्रेजी शराब में पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक 25 मई को आबकारी विभाग की टीम अचानक निरीक्षण के लिए पिथौरा की अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि दुकान में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारी खुलेआम मैकडॉवेल नंबर-1 शराब के पाव की सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे।
आबकारी टीम ने मौके पर ही चार कर्मचारियों को पकड़ लिया। जांच के दौरान पानी मिलाई गई कई शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि शराब में पानी मिलाकर ग्राहकों को लंबे समय से ठगा जा रहा था। विभाग अब पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मिलावटखोरी में और कौन-कौन शामिल है।


Recent Comments