महासमुंद, 04 फरवरी 2026। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से स्कूटी में गांजा लेकर दो लोग महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 07 CL 2661 को रोका गया। जांच के दौरान स्कूटी में रखे दो कार्टून से गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई में गांजा के अलावा एक्टिवा स्कूटी (कीमत 50 हजार रुपये), दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन (20 हजार रुपये) और 1,000 रुपये नगद जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 12 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में
राजेश चौहान (31 वर्ष) एवं राजकुमारी बंजारे (35 वर्ष) दोनों निवासी सुपेला, भिलाई (जिला दुर्ग) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 20बी(2)(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कोमाखान में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।





















