रायपुर: प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बने निम्न दबाव के प्रभाव के चलते छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ेगी, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होगी।
मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र रायपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ (सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों) में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी और कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं।
संभागवार मौसम का हाल:
सरगुजा संभाग: सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों में 30 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी और कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।
बिलासपुर संभाग: बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में 30 और 31 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।
रायपुर संभाग: रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद में 30 और 31 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होगी। रायपुर जिले में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की संभावना है।
दुर्ग संभाग: दुर्ग, बालोज, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में 30 से 31 अगस्त के दौरान भारी से अति भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
बस्तर संभाग: कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में शुरुआती दिनों में भारी बारिश के बाद धीरे-धीरे बारिश की तीव्रता में कमी आएगी और मौसम छिटपुट बारिश वाला रहेगा। संभावित प्रभाव और सावधानी:
मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय नालों में उफान, दृश्यता में कमी और यातायात में बाधा की आशंका जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और कच्चे मकानों या कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Recent Comments