Homeओडिशानुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव : मुख्यमंत्री साय ने चुनावी सभा को किया संबोधित,...

नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव : मुख्यमंत्री साय ने चुनावी सभा को किया संबोधित, कहा – “उत्तम हो ओडिशा, हम सबका संकल्प”

महासमुंद/नुआपाड़ा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “उत्तम ओडिशा विकसित हो, यह हम सबका संकल्प है।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आ रहा है, जिसके हम सब साक्षी हैं।

साय ने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ का नाता सदियों पुराना और मजबूत है। हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था एक जैसी है, और हम सभी पर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद बना हुआ है।

बीजेडी सरकार में थम गया था विकास”

मुख्यमंत्री साय ने बीजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ओडिशा में बीजेडी की सरकार थी, तब यहां का विकास ठप पड़ गया था। लोगों के मन में यह सवाल उठने लगा था कि “राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं या पांडियन?” उन्होंने कहा कि यह बात किसी से छिपी नहीं है।

साय ने कहा कि अब मुख्यमंत्री मोहन मांझी के नेतृत्व में ओडिशा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ काम कर रही है।

नुआपाड़ा उपचुनाव 2025: महिला और आदिवासी वोटर बनेंगे जीत-हार के निर्णायक कारक

नुआपाड़ा के विकास के लिए मांझी सरकार कर रही बेहतर काम

सीएम साय ने कहा कि भाजपा सदैव जनजातीय समाज का सम्मान करती आई है। इसका उदाहरण है कि आज देश की सर्वोच्च पद पर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि “मैं स्वयं और मुख्यमंत्री मोहन मांझी दोनों जनजातीय समाज से आते हैं और समाज की सेवा में समर्पित हैं।”

साय ने बताया कि मांझी सरकार ने नुआपाड़ा जिले के लिए अब तक 1101 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है, जिसमें से 800 करोड़ रुपये जल परियोजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं।

हर वर्ग को मिल रहा डबल इंजन की सरकार का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में डबल इंजन की सरकार है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना और ओडिशा में सुभद्रा योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिला है।

साय ने आगे कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ दोनों राज्यों की सरकारें संयुक्त कार्रवाई कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र नक्सल-मुक्त होने की दिशा में बढ़ रहा है।

जय ढोलकिया को समर्थन देने की अपील

सीएम साय ने जनता से अपील की कि वे पूर्व विधायक स्व. राजेन्द्र ढोलकिया के पुत्र जय ढोलकिया को समर्थन दें और “उत्तम ओडिशा” के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें। सभा में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ओडिशा सह प्रभारी लता उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, विधायक पुरंदर मिश्रा और रोहित साहू उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments