लुधियाना: देश में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। डिजिटल फ्रॉड के लिए ठग रोजाना नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला पंजाब के लुधियाना से सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। यहाँ साइबर अपराधियों ने लोगों को चूना लगाने के लिए सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक फर्जी डिजिटल संगठन तैयार किया है।
इस फर्जी संगठन के नाम पर लोगों को सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर संदिग्ध लिंक भेजे जा रहे हैं। पुलिस की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक, जैसे ही कोई यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो जाता है और चंद सेकंड में बैंक खाता पूरी तरह साफ हो जा रहा है।
कैसे काम कर रहा है यह खतरनाक लिंक?
जांच एजेंसियों और साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, यह लिंक एक तरह का मैलवेयर (वायरस) है। इस पर क्लिक करते ही साइबर अपराधियों को यूजर के मोबाइल का पूरा एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद वे फोन में मौजूद संवेदनशील डेटा, बैंकिंग ऐप्स, पासवर्ड और ओटीपी (OTP) को आसानी से चोरी कर लेते हैं और खाते से पूरी रकम उड़ा देते हैं।
पंजाब पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए पंजाब पुलिस और लुधियाना पुलिस ने राज्य भर में अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसे फर्जी संगठनों, आकर्षक ऑफर्स या अनजान मैसेज के जाल में न फंसें।
लुधियाना पुलिस ने जनता को जागरूक करने के लिए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक विशेष वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो के जरिए बताया गया है कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही किसी को भी बड़े आर्थिक नुकसान में डाल सकती है।
साइबर एक्सपर्ट्स की सलाह: ऐसे रहें सुरक्षित
- अनजान लिंक पर न करें क्लिक: किसी भी अज्ञात सोर्स, व्हाट्सएप या फेसबुक पर आए संदिग्ध लिंक को बिना जांचे न खोलें।
- फर्जी लुभावने ऑफर्स से बचें: सरकारी योजना, नौकरी या किसी राजनीतिक संगठन के नाम पर आने वाले अनवेरीफाइड संदेशों पर भरोसा न करें।
- तुरंत करें शिकायत: यदि आपके साथ कोई संदिग्ध गतिविधि होती है या आप ठगी के शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराएं।


Recent Comments