Homeछत्तीसगढ़दुर्ग में सुशासन तिहार के दौरान हंगामा, भाजपा नेता और जनपद CEO...

दुर्ग में सुशासन तिहार के दौरान हंगामा, भाजपा नेता और जनपद CEO में तीखी बहस, VIDEO वायरल

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में चल रहे सुशासन तिहार के एक कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई। थनौद गांव में आयोजित कार्यक्रम में शिकायत के निराकरण को लेकर भाजपा के दुर्ग ग्रामीण मंडल महामंत्री पुराण देशमुख और जनपद पंचायत CEO रूपेश पांडे के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी मौके पर मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनी जा रही थीं। इसी दौरान पुराण देशमुख अपनी शिकायत लेकर पहुंचे और मामले के निराकरण को लेकर अधिकारियों से सवाल-जवाब करने लगे। देखते ही देखते चर्चा बहस में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सामुदायिक भवन की राशि को लेकर उठा विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद सामुदायिक भवन निर्माण के लिए जारी की गई राशि को लेकर शुरू हुआ। भाजपा नेता का आरोप था कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में निर्माण कार्य पर स्टे लगाए जाने के बावजूद वर्तमान कार्यकाल में राशि जारी कर दी गई। वहीं जनपद CEO का कहना था कि स्टे हटने के बाद नियमानुसार राशि जारी की गई है।

बहस के दौरान बढ़ा तनाव

वायरल वीडियो में जनपद CEO और भाजपा नेता के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। वीडियो में CEO को भाजपा नेता से कहते हुए सुना जा सकता है कि, “तुम्हें जो करना है कर लो।” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और तेज हो गई।

विधायक की भूमिका पर भी चर्चा

घटना के दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मौके पर मौजूद थे, लेकिन वीडियो में वे विवाद के दौरान हस्तक्षेप करते नजर नहीं आते। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर भी विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे घटनाक्रम में विधायक की निष्क्रियता को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं।

फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

यहां देखें वीडियों

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments