Homeछत्तीसगढ़जीजा की पैरोल को लेकर तहसीलदार से भिड़े विधायक रामकुमार टोप्पो? नए...

जीजा की पैरोल को लेकर तहसीलदार से भिड़े विधायक रामकुमार टोप्पो? नए आरोपों से मचा बवाल

सरगुजा। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में नया मोड़ आ गया है। शनिवार को नायब तहसीलदार ने सार्वजनिक मंच से विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे हत्या के मामले में लंबे समय से जेल में बंद अपने रिश्तेदार (जीजा) को पैरोल पर रिहा कराने के लिए दबाव बना रहे थे।

नायब तहसीलदार के अनुसार, पैरोल प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी नहीं थीं। उन्होंने कहा कि बिना जरूरी दस्तावेजों की जांच किए किसी भी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करना संभव नहीं था। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट की घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड किया था, लेकिन बाद में उन वीडियो को हटवा दिया गया। नायब तहसीलदार ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि निष्पक्ष जांच की बात की जा रही है तो घटना से जुड़े वीडियो सामने क्यों नहीं आने दिए गए।

राजनांदगांव में नाबालिग से अभद्र व्यवहार पर बड़ा एक्शन, TI और महिला हेड कांस्टेबल निलंबित

मामले को लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की इकाई ने भी चिंता जताई है। संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को ज्ञापन सौंपा है।

उधर, विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई। शुक्रवार को विधायक समर्थकों के साथ गिरफ्तारी देने अंबिकापुर जाने वाले थे, लेकिन समर्थकों के हंगामे के चलते कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका और उन्हें वापस सीतापुर लौटना पड़ा।

बताया जा रहा है कि विधायक ने बाद में गोपनीय तरीके से गिरफ्तारी देने की बात कही है। हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और प्रशासनिक तथा राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments