Homeछत्तीसगढ़डोंगरगढ़ में मौसम का कहर: तेज आंधी और बारिश ने ली महिला...

डोंगरगढ़ में मौसम का कहर: तेज आंधी और बारिश ने ली महिला व मासूम की जान, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

डोंगरगढ़ (राजनांदगांव)। जिले में अचानक बदले मौसम ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं के बीच डोंगरगढ़ विकासखंड में हुए दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और दो साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।

आंधी में गिरा पंखा, महिला की मौत

पहली घटना बोरतलाव थाना क्षेत्र के ग्राम फक्कीटोला की है। बताया जा रहा है कि 50 वर्षीय महरीन बाई तारम घर में धान उड़ाने वाले पंखे के पास काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज आंधी के चलते पंखा अचानक गिर पड़ा और उसकी चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजन घायल महिला को तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बागबाहरा हवलदार दयासागर की सड़क हादसे में मौत, साकरा के पास ट्रक की चपेट में आए

खेलते-खेलते नाले में गिरी मासूम, बह गया जीवन

दूसरी हृदयविदारक घटना बरनाराकला गांव की है। यहां दो वर्षीय मासूम बच्ची खेलते-खेलते घर के पीछे स्थित स्टॉप डैम से जुड़े नाले के पास पहुंच गई। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। इसी दौरान बच्ची पैर फिसलने से उफनते पानी में गिर गई और बह गई।

जब बच्ची काफी देर तक दिखाई नहीं दी तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद उसकी मां ने नाले के पानी में बच्ची का शव देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता अजय कोसा खेती-किसानी का काम करते हैं। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस जांच में जुटी, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लगातार बदलते मौसम, तेज आंधी और बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से अभिभावकों से बच्चों पर नजर रखने, जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नालों-नदियों के आसपास नहीं जाने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments