Homeछत्तीसगढ़11-13 जून तक मौसम का डबल अटैक: कहीं भारी बारिश, कहीं आंधी-तूफान

11-13 जून तक मौसम का डबल अटैक: कहीं भारी बारिश, कहीं आंधी-तूफान

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 11 जून 2026 को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में 13 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। कुछ इलाकों में तेज गर्जना, बिजली गिरने और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 11 से 13 जून के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 11 से 13 जून के दौरान धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 11 और 12 जून को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार वर्षा

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 से 17 जून तक व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। कई स्थानों पर भारी और अति भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

दक्षिण भारत में मानसून सक्रिय

केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में मानसून सक्रिय बना हुआ है। तटीय कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है।

तापमान में आएगी गिरावट

आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।

हीटवेव से भी राहत नहीं

बारिश के बीच कुछ क्षेत्रों में लू का असर भी बना रहेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में 11 से 13 जून के दौरान हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments