थाना से महज 3 किमी दूर कथित अवैध कारोबार का आरोप, शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा; ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की
महासमुंद/कोमाखान। जिले में गांजा और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई का दावा कर रही है, लेकिन कोमाखान थाना क्षेत्र के हाईवे चौखड़ी में कथित तौर पर खुलेआम गांजा और शराब की बिक्री का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चौखड़ी के आसपास मुहंवा शराब और गांजा की बिक्री की जा रही है। बताया जा रहा है कि शाम होते ही यहां नशा करने वालों की भीड़ जुटने लगती है। इससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में भी असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

लंबे समय से चल रहा कारोबार, कार्रवाई पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि चौखड़ी में यह कथित अवैध कारोबार पिछले कई वर्षों से संचालित हो रहा है। लोगों का दावा है कि इसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर होने के बावजूद कार्रवाई सीमित या नगण्य रही है। यही वजह है कि अवैध शराब और गांजे के कारोबारियों के हौसले बढ़ने की बात कही जा रही है।
पुलिस अभियान के बीच उठे सवाल
एक ओर जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाकर गांजा और अवैध शराब की धरपकड़ की जा रही है, वहीं दूसरी ओर थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर इस तरह के कारोबार के आरोप सामने आने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब और गांजा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


Recent Comments