Homeछत्तीसगढ़महासमुंद में पति-पत्नी ने कीटनाशक का सेवन किया, पति की मौत; पत्नी...

महासमुंद में पति-पत्नी ने कीटनाशक का सेवन किया, पति की मौत; पत्नी की हालत गंभीर

पारिवारिक विवाद के बाद जहरीली दवा सेवन की बात सामने आई, पुलिस जांच में जुटी

महासमुंद/बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम सिमगांव में एक बुजुर्ग दंपती द्वारा कीटनाशक दवा का सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना में 65 वर्षीय बेनीराम चक्रधारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 60 वर्षीय रतनी बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बेनीराम चक्रधारी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उन्हें किडनी की बीमारी भी थी। उनके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि बेटे विजय चक्रधारी की पत्नी को लेकर पिछले कुछ समय से विजय और उसके माता-पिता के बीच विवाद चल रहा था। विजय की पत्नी मूल रूप से ओडिशा के चिचड़ी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और वर्तमान में अपने मायके में रहती है।

पारिवारिक विवाद के बाद जहरीली दवा सेवन का आरोप

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले भी विजय और उसके माता-पिता के बीच इसी मामले को लेकर विवाद हुआ था। मृतक की बेटी हीरामणि के अनुसार, घटना की रात भी परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद बेनीराम और रतनी बाई ने कथित तौर पर खेत में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया और रात करीब 11 बजे सो गए।

सुबह दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेनीराम को मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की हालत गंभीर, निजी अस्पताल में उपचार

रतनी बाई की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए महासमुंद रेफर किया गया। हालांकि, परिजनों ने उन्हें बागबाहरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

बेटे के खिलाफ शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद विजय चक्रधारी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। मृतक की बेटी हीरामणि ने मामले को लेकर कोमाखान थाने में शिकायत/FIR दर्ज कराई है।

वहीं, बेनीराम के शव को बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जहरीली दवा सेवन के वास्तविक कारण और पारिवारिक विवाद की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments